अलवर: अचानक बदले मौसम ने वापस मुड़कर फिर से ठंड की दस्तक दे दी हैं। गलन वाली ठंड के चलते आम जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है, वहीं स्कूली बालक भी सर्दी में स्कूल जाने को लेकर परेशान दिखाई दिये। 2 दिन पहले साफ मौसम के बाद अचानक तेज शीतलहर और बारिश ने फिर से ठंड़ बढ़ा दी हैं। शहर में सुबह.के समय कोहरा भी पसरा रहा। सर्दी बढऩे से अल सुबह वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण सड़को पर वाहन धीमी गति से रेंगते नजर आए। हालांकि दोपहर को हल्की खिली धूप ने लोगों को सर्दी से निजात दिलाई लेकिन सर्दी ने फिर से अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। इस कारण लोगों को अपने काम पर जाने के लिए खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में बारिश होने की संभावना है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होगी। देश के पहाड़ी इलाकों में अचानक हुई बर्फबारी को देखते हुये और बढ़ी ठंड के चलते ट्रेने देरी से चल रही है, वहीं बसों का संचालन भी धीमी गति से हो रहा है। शहर में हुई बारिश से रात में भी ठंड का असर देखा गया तथा रात 8 बजे तक पूरा शहर बारिश और ठंड़ के आगोश में नजर आया, जिससे शहर की सड़के और बाजार सूने हो गए। वहीं बाजार में व्यापारी जगह जगह अलाव तापते नजर आए। मौसम की मार से बाजार व्यवस्था भी प्रभावित हुई एवं गलन वाली ठंड़ के चलते रात्रि में 8 बजे ही बाजार बंद हो गए और लोग घरों में कैद हो गए। हवा में 90 प्रतिशत की नमी के कारण सुबह के समय हाईवे पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। सुबह 8 बजे तक वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। किसानों के लिए यह मौसम नुकसानदेय साबित हो सकता हैं। अलवर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रबी की फसलें चना और सरसों अच्छी स्थिति में हैं। सरसों की फसल तैयार है, अगर बारिश और ओलावृष्टि होती है तो फसल को नुकसान है।
3/related/default