कोटपूतली-बहरोड़: जिले के बानसूर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर पालिका क्षेत्र में अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को अभियान चलाया गया। उपखण्ड अधिकारी अनुराग हरित की अध्यक्षता में पंचायत समिति सभागार में बैठक हुई थी, इसमें यातायात व्यवस्था सुधारने का निर्णय लिया गया था। नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी विशाल यादव, डीएसपी दशरथ सिंह और थानाधिकारी सुरेन्द्र मलिक के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। प्रशासन ने व्यापारियों को कड़ी चेतावनी दी है। अस्थाई अतिक्रमण के चलते कई बार कस्बे में जाम की स्थिति बन जाती है, जिसको देखते हुए नगर पालिका के अधिकारी ने कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने पर चालान के साथ सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
बानसूर में अस्थाई अतिक्रमण से आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इससे बाजार में आने वाले लोगों और अस्पताल आने जाने वाले मरीजों को परेशानी होती है। कई बार एम्बुलेंस भी घंटों जाम में फंसी रहती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाए।